टोक्यो: चीन की बढ़ती आक्रामक गतिविधियों के बीच जापान और चीन के संबंध चरम तनाव की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। इस बीच जापान के सामरिक साझेदार अमेरिका की प्रत्यक्ष सक्रियता ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है, जिसके प्रति सुरक्षा विशेषज्ञों ने चिंता व्यक्त की है।
अमेरिकी सामरिक बमवर्षक विमानों ने जापानी लड़ाकू विमानों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास किया। जापान के हवाई क्षेत्र के आसपास दोनों देशों के सैन्य समन्वय का प्रदर्शन करना इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बताया गया है। यह अभ्यास जापान–चीन के बढ़ते तनाव के बीच ही सम्पन्न हुआ।
अभ्यास से एक दिन पहले चीनी और रूसी बमवर्षक विमानों ने पश्चिमी जापान के आसपास संयुक्त उड़ान भरी, जिसके बाद जापान को अपने लड़ाकू विमान तैनात करने पड़े। इससे पहले शनिवार को चीनी सैन्य विमानों द्वारा जापानी विमान पर रडार ‘लॉक’ करने की घटना ने टोक्यो–बीजिंग संबंधों में और कड़वाहट जोड़ दी थी।
जापान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार सुबह जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और उनके अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ के बीच टेलीफोन वार्ता हुई। वार्ता में दोनों मंत्रियों ने हिंद–प्रशांत क्षेत्र में तेज़ी से जटिल होती सुरक्षा स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।
मंत्रालय ने चीन की गतिविधियों को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए प्रतिकूल बताया और कहा कि जापान अपने आसपास के हवाई तथा जल क्षेत्रों में निगरानी गतिविधियाँ निरंतर जारी रखेगा।










