मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में दिल्ली की चुनौती समाप्त किया

IMG-20250522-WA0003

मुंबई: आईपीएल २०२५ के६३वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को ५९ रनों से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है। इस मैच में हार के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना अधूरा रह गया। इस जीत के बाद मुंबई इंडियंस १३ मैचों में १६ अंकों के साथ आईपीएल अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। इस प्रकार, दिल्ली इतने ही मैचों में १३ अंक लेकर पांचवें स्थान पर रही। अब अगर दिल्ली कैपिटल्स अपना आखिरी मैच जीत भी जाती है तो भी मुंबई को इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बारिश की संभावना के बीच बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने २० ओवर में ५ विकेट के नुकसान पर १८० रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद ७३ रन बनाए। उन्होंने ४३ गेंदों पर ७ चौके और ४ छक्के लगाए। इसके अलावा तिलक वर्मा ने २७, रयान रिकेल्टन ने २५ और नमन धीर ने नाबाद २४ रन बनाए। धीर ने ८ गेंदों पर २ छक्के और २ चौके लगाए। दिल्ली के गेंदबाजों में मुकेश कुमार ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम १८.२ ओवर में १२१ रन पर आउट हो गई। समीर रिजवी ने सर्वाधिक ३९ रन बनाए। उन्होंने ३५ गेंदों पर ६ चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा विप्रज निगम ने २० और आशुतोष शर्मा ने १८ रनों का योगदान दिया। शीर्ष क्रम में केएल राहुल ने ११, फाफ डु प्लेसिस ने ६ और अभिषेक पोरेल ने ६ रन बनाए। मुंबई के गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और मिशेल सेंटनर ने ३-३ विकेट लिए।

About Author

[DISPLAY_ULTIMATE_SOCIAL_ICONS]

Advertisement