९ मई क्या है खास जो रूस ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया निमंत्रण

IMG_MODI_PUTIN_DELHI_2_1_48DLQRVR

मॉस्को: रूस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर विजय की ८०वीं वर्षगांठ के अवसर पर नौ मई को आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। उप विदेश मंत्री आंद्रे रुदेंको ने यह जानकारी दी। मॉस्को को भारतीय प्रधानमंत्री के आने की उम्मीद है। रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने रुदेंको के हवाले से कहा कि निमंत्रण पहले ही भेजा जा चुका है और यात्रा की योजना बनाई जा रही है। रूस ने इस साल की विजय दिवस परेड में शामिल होने के लिए कई मित्र देशों के नेताओं को आमंत्रित किया है।
२०२४ में प्रधानमंत्री मोदी ने किया था रूस का दौरा:
जनवरी १९४५ में, सोवियत सेना ने जर्मनी के खिलाफ एक आक्रामक अभियान शुरू किया था। ९ मई को ‘कमांडर-इन-चीफ’ ने जर्मनी के बिना शर्त आत्मसमर्पण से जुड़े अधिनियम पर हस्ताक्षर किए, जिसके साथ ही युद्ध समाप्त हो गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई २०२४ में रूस का दौरा किया था, जो लगभग पांच वर्षों में देश की उनकी पहली यात्रा थी। इससे पहले उन्होंने २०१९ में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए सुदूर पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक का दौरा किया था।
पिछली यात्रा के दौरान, मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया था। पुतिन ने पहले ही भारत आने के लिए मोदी के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। हालांकि, पुतिन की यात्रा की तारीखों का अभी खुलासा नहीं किया गया है। पुतिन और मोदी नियमित संपर्क बनाए रखते हैं, हर दो महीने में एक बार टेलीफोन पर बातचीत करते हैं। दोनों नेता खासकर अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के दौरान व्यक्तिगत रूप से मिलते भी हैं।

About Author

[DISPLAY_ULTIMATE_SOCIAL_ICONS]

Advertisement